भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध से अभिषेक कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) सावन का पहला सोमवार और भगवान शिव का अभिषेक करतीं बारिश की बूंदें। मानो, इंद्रदेव अपने आराध्य का अभिषेक करने आए हों। बारिश में शिव प्रतिमा का स्वरूप और भी निखर आया। यहां का नजारा देखते ही बनता है। माहौल ऐसा कि ‘सत्य ही शिव हैं, शिव ही सुंदर हैं’।
आज शहर में सवेरे से लेकर दोपहत तक बारिश हुई। हालांकि बारिश कुछ समय के लिए ही हुई लेकिन इससे मौसम सुहाना हो गया। इसके बाद दिन भर आसमान में काले घने बादल छाए रहे। जिले में श्रावण माह का पहला सोमवार श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया।
भगवान शिव के मंदिरों में सुबह से ही हर-हर महादेव के जयघोष सुनाई देते रहे। मंदिरों में शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध से अभिषेक कर बिल्व पत्र एवं प्रसाद चढ़ाकर परिवार की खुशहाली की कामना की।
शहर के हरणी महादेव मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शिव की आराधना करने पहुंचे। शिव का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में भक्त वहां पहुंचे। शहर के अधिकांश मंदिरों में आज हर-हर महादेव की स्वर लहरियां सुनाई दी। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने को सिलसिला लगा हुआ है। शिव मंदिरों में आज विशेष अनुष्ठान किए जा रहे है।
वहीं कई मंदिरों में साज-सज्जा व फूलमंडली भी सजाई गई है। मंदिरों में पंचामृत और दुग्धाभिषेक व रुद्राभिषेक किये जा रहे है। भगवान शिव को बिल्वपत्र, आक, धतूरा, भांग और प्रसाद चढ़ाया जा रहा है। आज विशेष तौर पर महिलाओं द्वारा व्रत व उपवास रखने के साथ धार्मिक अनुष्ठान किये जा रहे हैं। शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का विधि-विधान से पूजन कर परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के मंदिरों में रुद्राष्टाध्यायी के श्लोकों का उच्चारण कर शीश नवाया। शाम को कई शिव मंदिरों में भजन संध्या का आयोजन हुआ।
Great Rajasthan Bhilwara (Rajasthan), 311001
+91 92696339
info@greatrajasthan.in
© GREAT RAJASTHAN. All Rights Reserved.
Design by Tricky Lab
Distributed by Tricky Lab