भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) । महासभा आपके द्वार संगठन यात्रा भीलवाड़ा, अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया ने महासभा की गतिविधियों पर डाला प्रकाश। अणुव्रत साधना सदन शास्त्री नगर भीलवाड़ा में विराजित शासनश्री मुनिश्री हर्षलाल स्वामी के सानिध्य में जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया व राष्ट्रीय उपाध्यक्षा विजयराज मेहता अपनी टीम के साथ उपस्थित हुए। मुनि हर्षलाल ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा तेरापंथी महासभा तेरापंथ समाज की मातृ संस्था है। इसे संस्था शिरोमणी की उपमा से उपमित किया गया है। इनकी यह संगठन यात्रा अपने आप में सराहनीय है। भविष्य में भी इसी प्रकार से कार्य प्रगति करते रहे मंगल कामना करता हूं। मुनि यशवंत कुमार ने अपने उद्बोधन में महासभा के प्रतिनिधियों के श्रम की प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने कहा यह छोटे से छोटे गांव में जाकर एक-एक सभा को संभाल रहे हैं यह बहुत बड़ा कार्य है। मुनि प्रतीक कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा महासभा का दायित्व होता है की हर संस्था को संभाले। यदि कहीं कोई समस्या हो तो उसका समाधान करें। समाज सुधार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। महासभा के अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया ने महासभा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला व सभी लोगों को उससे जुड़ने की प्रेरणा दी। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयराज मेहता, आंचलिक प्रभारी निर्मल गोखरू, प्रभारी प्रवीण ओस्तवाल टी. पी. एफ. के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज ओस्तवाल, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की सहमंत्री नीतू ओस्तवाल ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के प्रारंभ में भीलवाड़ा तेयूप ने सभा गीत से मंगलाचरण किया। भीलवाड़ा सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शुभकरण चोरड़िया ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन योगेश चिंडालिया ने किया।
Great Rajasthan Bhilwara (Rajasthan), 311001
+91 92696339
info@greatrajasthan.in
© GREAT RAJASTHAN. All Rights Reserved.
Design by Tricky Lab
Distributed by Tricky Lab